भारतीय सेना के साथ संयुक्त युद्धाभ्यास के लिए महाजन पहुंची फ्रांस की सैन्य टुकड़ी

भारत और फ्रांस की सैन्य टुकड़ियों का इंडो-फ्रेंच युद्धाभ्यास शक्ति-2019 बीकानेर जिले के महाजन फायरिंग रेंज में 31 अक्टूबर से शुरू होगा। इस युद्धाभ्यास में शामिल होने के लिए फ्रांस के सैनिकों की एक टुकड़ी महाजन पहुंच गई है।  फ्रांसीसी सेना की 38  सैनिकों की टुकड़ी, महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में 31 अक्टूबर से 13 नवंबर 2019 तक आयोजित होने वाले में भाग लेने के लिए 28 अक्टूबर को बीकानेर पहुँची।


महाजन फील्ड फायरिंग रेंज अभ्यास क्षेत्र में पहुंचने पर भारतीय सेना ने फ्रांसीसी सेना की टुकड़ी का गर्मजोशी और पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। जिसके बाद दोनों देशों के सैनिकों के बीच परिचय का आदान-प्रदान हुआ।



युद्धाभ्यास शक्ति-2019 के बैनर के तहत द्विपक्षीय अभ्यास की श्रृंखला में पांचवा संस्करण है। संयुक्त युद्धाभ्यास संयुक्त राष्ट्र जनादेश के तहत अर्ध-रेगिस्तानी इलाके की पृष्ठभूमि में काउंटर टेररिज्म पर केंद्रित होगा। यह अभियान 13 नवम्बर तक चलेगा। संयुक्त प्रशिक्षण में उच्च स्तर की शारीरिक क्षमता, सामरिक अभ्यास, तकनीक और प्रक्रिया पर ध्यान दिया जाएगा। अभ्यास के दौरान, संयुक्त योजना, कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन्स, सर्च एंड रेस्क्यू, संयुक्त सामरिक अभ्यास और विशेष हथियार कौशल का प्रशिक्षण किया जाएगा।



उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना अपने सहयोगी मित्र देशों की सेना के साथ समय-समय पर संयुक्त युद्धाभ्यास करती रहती है। ऐसे युद्धाभ्यास बारी-बारी से दोनों देशों में आयोजित होते है। इनके माध्यम से दोनों देश की सेना को एक-दूसरे के अनुभव से सीखने को मिलता है। कश्मीर में आतंकवाद से निपटने में भारतीय सेना को महारत हासिल है। ऐसे में फ्रांस की सेना को इस बार भारतीय सेना से सीखने को बेहतरीन अवसर मिलेगा।